टिहरी की 1049 ग्राम पंचायतों में चलेगा वित्तीय जागरूकता महाअभियान, एक माह तक लगेंगे विशेष शिविर
15 जून से 15 जुलाई तक पीएम सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, अटल पेंशन और जनधन योजनाओं से जोड़े जाएंगे लाभार्थी, पहले दिन 55 कैंप होंगे आयोजित

टिहरी गढ़वाल। जिले की सभी 1049 ग्राम पंचायतों में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने के लिए 15 जून से 15 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) तथा री-केवाईसी से संबंधित विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं विभिन्न बैंक नियंत्रकों ने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के निर्देशानुसार जिलेभर में “वन मंथ सैचुरेशन कैंपेन” संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा एवं बैंकिंग योजनाओं से जोड़ना है।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने जानकारी दी कि अभियान के पहले दिन 15 जून को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार 55 विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए बैंकवार, शाखावार और दिनांकवार रोस्टर तैयार कर सभी बैंक अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सभी बैंक नियंत्रकों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक शिविर का अनिवार्य रूप से आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन सरकार की प्राथमिकता है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविरों में पहुंचकर बीमा, पेंशन और बैंकिंग योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार इन योजनाओं का लाभ उठाएं।



