सीएम धामी का सख्त संदेश: जनसमस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं, अफसरों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
नैनीताल-ऊधमसिंहनगर की विकास योजनाओं की समीक्षा, बारिश और वनाग्नि से निपटने के लिए समय रहते तैयारियां सुनिश्चित करने के आदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपद की विभिन्न विधानसभाओं से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे सीधे जनता की अपेक्षाओं से जुड़े होते हैं, इसलिए उनके समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अल्पकालिक कार्यों को शीघ्र पूरा करने और दीर्घकालिक योजनाओं को तय समयसीमा में चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन को निर्देशित किया कि बहु-विभागीय योजनाओं में बेहतर समन्वय स्थापित कर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि परियोजनाओं में देरी न हो और कार्य समय पर पूरे हो सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विधायकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि इससे समस्याओं की सही जानकारी और उनके समाधान में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित होंगी।
आगामी वर्षाकाल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और जल निकासी के कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से निपटा जा सके।
इसके साथ ही ग्रीष्मकाल में संभावित वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय समन्वय के साथ जनजागरूकता अभियान भी तेज किए जाएं।
पेयजल और विद्युत आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में किसी प्रकार की समस्या न हो। निर्बाध जल और बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखते हुए सड़कों के निर्माण व मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, मिनी खेल मैदानों के निर्माण, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, बाढ़ नियंत्रण और जलभराव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोड़ा, सरिता आर्य, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



