टिहरी में गैस सप्लाई सामान्य, 2400 से अधिक सिलेंडर वितरित
डीएम के निर्देश पर आपूर्ति विभाग सक्रिय, 4393 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध — कालाबाजारी पर सख्ती, 14 सिलेंडर जब्त

टिहरी गढ़वाल, 03 अप्रैल 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण पूरी तरह सामान्य बना हुआ है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में गैस एजेंसियां और पूर्ति विभाग समन्वय के साथ सुचारू रूप से वितरण कार्य कर रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल ने बताया कि जनपद में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। विगत दिवस विभिन्न गैस एजेंसियों को कुल 2948 घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 2401 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित कर दिए गए। वितरण के बाद भी एजेंसियों के पास 4393 सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
जनपद के नौचोली, तिनवालगांव, सौड, भदुरा, लंबगांव, बौसाड़ी, नौघर, गूलर, पाव की देवी, जाख, जसपुर, तिवाड़गांव, मुयालगांव, जखन्याली और घनसाली बाजार समेत विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस वितरण किया जा रहा है।
वहीं व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है। जनपद को प्रतिदिन 212 सिलेंडर का आवंटन मिल रहा है। विगत दिवस 19 किलोग्राम श्रेणी के 84 सिलेंडर प्राप्त हुए, जबकि 88 सिलेंडर वितरित किए गए।
गैस आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखने के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) लगातार निरीक्षण कर रहा है। अब तक गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों में कुल 455 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
जनपद मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में अब तक 87 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनके निस्तारण के लिए विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस की उपलब्धता सामान्य है, इसलिए आवश्यकता अनुसार ही बुकिंग करें और अनावश्यक भीड़ से बचें। साथ ही, जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे शीघ्र अपनी संबंधित एजेंसी में यह प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम के नंबर 01376-234793, 01376-233433 और 9456533332 पर संपर्क कर सकते हैं।



