रीप परियोजना से ग्रामीण आजीविका को मजबूती
1575 महिलाओं को मिले कृषि यंत्र, 42 पशु सखियों को स्मार्ट मोबाइल

देहरादून। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आजीविका को सशक्त करने की दिशा में ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में स्मार्ट मोबाइल फोन एवं कृषि यंत्र/श्रम न्यूनीकरण उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंत्री गणेश जोशी ने किया वितरण
कार्यक्रम में ग्राम्य विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने 42 पशु सखी एवं ए-हेल्प वर्कर को स्मार्ट मोबाइल फोन तथा 1575 ग्रामीण महिलाओं को कृषि सहायक एवं श्रम न्यूनीकरण उपकरण वितरित किए।
पशु सखी ग्रामीण विकास की रीढ़ : मंत्री
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए पशु सखी से बेहतर विकल्प कोई नहीं है। राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं न केवल उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, बल्कि ‘लखपति दीदी’ अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
श्रम न्यूनीकरण उपकरण से बढ़ेगी आय
मंत्री ने कहा कि कृषि सहायक एवं श्रम न्यूनीकरण उपकरणों से महिलाओं के कार्यभार में कमी आएगी, समय की बचत होगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। वहीं पशु सखियों को दिए गए स्मार्ट मोबाइल फोन से पशुपालकों को 24 घंटे बेहतर पशुधन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
देहरादून व हरिद्वार की पशु सखियों को मिला लाभ
ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत देहरादून जनपद के छह विकासखंडों से चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके उपरांत देहरादून की 26 एवं हरिद्वार की 16 पशु सखी एवं ए-हेल्प वर्कर को स्मार्ट मोबाइल फोन दिए गए।
45 ग्राम संगठनों की 1575 महिलाओं को उपकरण
इसके साथ ही देहरादून जनपद की आठ क्लस्टर लेवल फेडरेशन के अंतर्गत 45 ग्राम संगठनों से जुड़ी 1575 ग्रामीण महिलाओं को कुदाल, खुरपी, स्प्रिंकलर सिस्टम एवं स्प्रेयर सहित विभिन्न कृषि सहायक उपकरण वितरित किए गए।
पलायन रोकने में सहायक होगी रीप परियोजना
अपर सचिव ग्राम्य विकास एवं परियोजना निदेशक ग्रामोत्थान झरना कमठान ने कहा कि रीप परियोजना ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बना रही है। श्रम न्यूनीकरण उपकरणों से महिलाओं की आय बढ़ेगी और पलायन पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप आयुक्त ग्राम विकास नरेश कुमार, उपनिदेशक मानव संसाधन रीप महेंद्र सिंह यादव, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला मिशन प्रबंधक सोनम गुप्ता, जिला परियोजना प्रबंधक कैलाश भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



