
नई टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर
जनता दरबार के दौरान सीडीओ ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमियों की आजीविका बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को ब्रांड स्वरूप देने तथा बिजनेस डेवलपमेंट स्किल को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि, उद्यान, जीएम डीआईसी, पर्यटन सहित संबंधित विभागों को लाभार्थियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा।
सरकारी परिसंपत्तियों व आपदा मद की समीक्षा
सीडीओ ने सभी राजकीय विभागों को निर्देशित किया कि विभागीय परिसंपत्तियों का विवरण 15 फरवरी 2026 तक UKGAMS पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही पोर्टल पर पंजीकृत सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की नियमित जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त राज्य आपदा मोचन निधि मद में प्रस्तावित विभागीय क्षतियों के आकलन नवीन मानकों के अनुसार प्रमाण पत्र सहित उपलब्ध कराने, नई टिहरी में अधिकारियों-कर्मचारियों को आवंटित आवासों की सूची एम्प्लॉई कोड सहित देने तथा यूसीसी के तहत कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
जनता की समस्याओं पर मौके पर ही निर्देश
जनता दरबार में ग्राम प्रधान चौण्ड जसपुर पुष्पा ने लामरीधार-अंजनीसैंण मोटर मार्ग से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को ठीक करने का मामला रखा, जिस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि व पेयजल विभाग को तत्काल निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
वहीं चौण्ड जसपुर निवासी वीर सिंह ने लामरीधार-चौण्ड जसपुर मोटर मार्ग का नाम शहीद विनोद सिंह भंडारी के नाम पर रखने का अनुरोध किया, जिस पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
ग्राम पालकोट निवासी भगवान सिंह द्वारा सड़क निर्माण से प्रभावित खेतों की क्षतिपूर्ति की मांग पर अधिशासी अभियंता लोनिवि टिहरी को मौके पर निरीक्षण कर कार्यवाही करने को कहा गया।
पेयजल, शिक्षा व सुरक्षा से जुड़े अन्य प्रकरण
जिला पंचायत सदस्य मंदार विजयपाल सिंह रावत ने ग्राम पंचायत स्यूरी में पेयजल संकट के समाधान हेतु बरसाती जल संरक्षण टैंक निर्माण तथा जीर्ण-शीर्ण राजकीय प्राथमिक विद्यालय मंदार को निष्प्रयोज्य घोषित कर नए भवन के निर्माण की मांग रखी। इस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एवं बीईओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम बडोन में सौर ऊर्जा लाइट लगाने, लामकाण्डे-हटवाल मार्ग की नहर पर सुरक्षा दीवार निर्माण तथा विकासखंड प्रतापनगर अंतर्गत रा.इ.का. भैन्तलाखाल के समीप अवैध शराब बिक्री पर पुलिस द्वारा निरीक्षण कराने संबंधी प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजा गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
जनता दरबार में एडीएम अवधेश कुमार सिंह, प्रभारी अधिकारी पुनर्वास स्नेहिल कुंवर, एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल, सीएमओ श्याम विजय, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



