देहरादून। नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में ही टिकट को लेकर कांग्रेस की दो महिला पार्षदों में मारपीट हो गई। बोर्ड बैठक के दौरान सदन में महापौर सुनील उनियाल गामा की मौजूदगी में दोनों पार्षदों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारा, जिससे सदन में जमकर हंगामा हुआ। जिससे सदन की कार्रवाई करीब आधे घंटे रोकनी पड़ी और महापौर ने दोनों पार्षदों को कक्ष में बुलाकर कड़ी चेतावनी दी। दोनों पार्षदों ने घटना पर खेद जताया, तब सदन की कार्रवाई दोबारा शुरू हुई। हालांकि, घटना के बाद कांग्रेस ने दोनों पार्षदों काकार्यकारिणी चुनाव से पत्ता काटकर दूसरे पार्षदों को टिकट थमा दिया। चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए, जिसमें भाजपा के 10 व कांग्रेस के दो सदस्य चुने गए।
नगर निगम की दो दिवसीय बोर्ड बैठक के पहले दिन सुबह निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्य पदों पर चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा ने एक दिन पहले ही अपने पत्ते खोल दिए थे। अपने लिए 10 सीटें रखकर दो सीटें कांग्रेस के लिए रिजर्व छोड़ दी थी। कांग्रेस चार सीटें मांग रही थी, लेकिन महापौर ने इससे इन्कार कर दिया और स्पष्ट कर दिया कि अगर कांग्रेस चाहती है तो भाजपा मतदान कराने के लिए भी तैयार है।