उत्तरकाशी: बमणती गाँव में भूस्खलन की आशंका, भूवैज्ञानिक ने किया निरीक्षण
धारासू-तारकोट मार्ग पर लगातार हो रहे भूधसाव के कारण ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल सुरक्षात्मक कार्य आवश्यक

उत्तरकाशी, 8 अक्टूबर 2025: जिलाधिकारी उत्तरकाशी के निर्देशों के क्रम में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चिन्यालीसौड तहसील के श्रीकोट के निकट स्थित बमणती गाँव में आज भूवैज्ञानिक प्रदीप कुमार ने क्षेत्र का भूस्खलन निरीक्षण किया।
आर0डब्ल्यू0डी0 द्वारा बनाये गए मोटर मार्ग को बड़ेथी-बनचौरा मार्ग से जोड़ने वाले स्थान पर पिछले कई वर्षों से मानसून के दौरान लगातार भूधसाव हो रहा है। 21 अगस्त 2025 को हुई भारी वर्षा के बाद मार्ग के ऊपरी हिस्से में भूधसाव सक्रिय हो गया।
भूवैज्ञानिक प्रदीप कुमार के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में कठोर चट्टानी भूभाग के साथ तीव्र ढाल होने के कारण और भूमिगत जल रिसाव से भूस्खलन की सक्रियता बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए गए तो यह भूस्खलन गाँव की ओर बढ़ने की संभावना रखता है।
विशेष रूप से, ग्राम बमणती के तोक बिटुडी निचले भूभाग में मोटर मार्ग और पैदल मार्ग में धसाव देखा गया, जो बस्ती की ओर बढ़ सकता है।
आज के निरीक्षण में राजस्व उपनिरीक्षक मोरगी राजन सिंह राणा, विभागीय फील्ड स्टाफ वीरेंद्र पंवार, पूर्व प्रधान शूरवीर सिंह राणा, ग्रामीण मनवीर राणा और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रभावित क्षेत्र की भूगर्भीय निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी उत्तरकाशी को प्रेषित की जाएगी।



