थत्यूड

भालू की सक्रियता को लेकर वन विभाग सतर्क, जौनपुर क्षेत्र में गश्ती अभियान

थत्यूड़। जौनपुर क्षेत्र में भालू की आवाजाही की सूचना को गंभीरता से लेते हुए मसूरी वन प्रभाग जौनपुर रेंज द्वारा शनिवार को व्यापक गश्ती अभियान चलाया गया। वन विभाग की टीम राजकीय वाहन से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची और लोगों को जंगली जानवरों से सतर्क रहने के साथ ही सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

गश्ती दल का नेतृत्व उप वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र कोकलियाल ने किया। उनके साथ वन बीट सहायक रामलाल लेखवार, मंजीव, सुरेंद्र सिंह रांगड़ तथा वाहन चालक शामिल रहे। टीम ने भैसाड़सारी, भवान, डामणी, मैड, तल्ला कंडालगांव सहित आसपास के गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संपर्क किया और उन्हें आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

घबराएं नहीं, तुरंत दें सूचना : उप वन क्षेत्राधिकारी

उप वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र कोकलियाल ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि भालू अथवा कोई अन्य जंगली जानवर दिखाई दे तो घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है, इसलिए ग्रामीण अपने परिवारजनों और गांव के अन्य लोगों को भी जागरूक करें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ग्रामीणों को दी गई सुरक्षा संबंधी सलाह

इसके बाद वन विभाग की टीम कंडालगांव पहुंची, जहां वन सरपंच दौलतराम जोशी से मौके पर चर्चा कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा सुझाव दिए गए। ग्रामीणों को समूह में आवाजाही करने, रात्रि के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई।

लगातार निगरानी, विभाग पूरी तरह अलर्ट

वन विभाग ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!