यमकेश्वर में आपदा प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय व डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को आपदा से निपटने का दिया जाएगा प्रशिक्षण

यमकेश्वर (बिथ्याणी), 27 जनवरी 2026। क्षेत्र के महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में आपदा प्रबंधन एवं जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर विषयों पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय एवं डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख यमकेश्वर श्रीमती सीता चौहान, नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक संजीव चौहान, अकादमी के आपदा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. ओम प्रकाश एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) योगेश कुमार शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान अतिथियों का पारंपरिक रूप से शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम “Training of Trainers (ToT)” के अंतर्गत “Engaging Youth and Adolescents in Disaster Risk Management (DRM) & Climate Change Adaptation (CCA)” विषय पर केंद्रित है।
मुख्य वक्ता डॉ. ओम प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा के समय त्वरित निर्णय क्षमता, स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग और सामुदायिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षित करना केवल शैक्षिक पहल नहीं, बल्कि आपदा के समय जीवन रक्षा की मजबूत कड़ी तैयार करना है।
तीन दिवसीय इस शिविर में छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराए जाएंगे, जिससे वे आपात परिस्थितियों में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक डॉ. पूजा रानी, सह-संयोजक डॉ. हिमानी बडोनी सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।



