थत्यूड

गांव ने ठाना—शादी हो या मुंडन, अब नहीं परोसी जाएगी शराब

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थत्यूड़ (टिहरी )। जौनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गवाणा में गुरुवार को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक अहम कदम उठाया गया। ग्राम प्रधान आरती पंवार की अध्यक्षता में आयोजित सामूहिक बैठक में गांव में होने वाले शादी-ब्याह, मुंडन एवं अन्य सामाजिक समारोहों के दौरान शराब, बीयर, मेहंदी-कॉकटेल पार्टी जैसी नशे से जुड़ी परंपराओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में ग्राम पंचायत गवाणा में किसी भी सामाजिक आयोजन में न तो पक्की-कच्ची शराब परोसी जाएगी और न ही किसी भी प्रकार की नशाखोरी को बढ़ावा दिया जाएगा। इस फैसले के साथ ही गवाणा दशज्यूला क्षेत्र का पहला गांव बन गया है, जहां से इस सामाजिक सुधार की औपचारिक शुरुआत हुई है।

इस अवसर पर जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि भट्ट, पूर्व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष खेमराज भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता खुशहाल सिंह चौहान सहित निहाल सिंह रावत और मनवीर रमोला, प्रेम चंद रमोला दशज्यूला धनोल्टी विकास समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिन्होंने प्रस्ताव का खुलकर समर्थन किया।

बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए मनवीर रमोला ने बताया कि गांव में आगामी 13 जनवरी को मुसद्दी सिंह रावत के पुत्र का विवाह तथा 9 फरवरी को राजेंद्र पंवार की पुत्री का विवाह प्रस्तावित है। दोनों परिवारों ने इन आयोजनों को पूर्णतः शराब-मुक्त रखने का निर्णय लिया है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिलेगी और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में मदद मिलेगी। बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने इस निर्णय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का सामूहिक संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!