तीन दशक पुरानी सिंगोरी की मिठास फिर लौटी, थत्यूड के ढाणा बाजार में बढ़ी मांग
शुद्ध मावा और ड्राई फ्रूट से तैयार विशेष मिठाई, मालू के पत्तों में पैकिंग बनी पहचान

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड। पुरानी टिहरी के बाजारों में करीब तीन दशक पहले बिकने वाली पारंपरिक सिंगोरी मिठाई की मिठास अब जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड के ढाणा बाजार में फिर से लोगों की जुबान पर चढ़ने लगी है। स्थानीय मिठाई व्यापारी राम सिंह भंडारी की दुकान पर यह विशेष मिठाई हर समय उपलब्ध रहती है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
राम सिंह भंडारी ने बताया कि जो व्यक्ति एक बार सिंगोरी का स्वाद चख लेता है, वह दोबारा इसकी मांग जरूर करता है। उन्होंने बताया कि यह मिठाई शुद्ध मावा और चुनिंदा ड्राई फ्रूट से तैयार की जाती है तथा इसे पारंपरिक तरीके से मालू के पत्तों में पैक किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और सुगंध दोनों बढ़ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हो रहे शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रमों में भी विशेष ऑर्डर पर सिंगोरी तैयार की जा रही है। भंडारी ने बताया कि उन्होंने करीब दस वर्ष पहले पुरानी टिहरी में इस मिठाई को देखा और उसका स्वाद चखा था, जिसके बाद वर्ष 2025 से उन्होंने अपनी दुकान में इसका निर्माण शुरू किया। तब से इसकी लोकप्रियता दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।



