थत्यूड़ बाजार का सुलभ शौचालय बंद, तीन दिन से लटका ताला, लोग परेशान
पानी का कनेक्शन कटते ही ठप हुई सुविधा, 75 हजार बकाया बना वजह

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के मुख्य बाजार स्थित सुलभ शौचालय पर पिछले तीन दिनों से ताला लटका हुआ है, जिससे स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और बाहरी पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से हजारों लोग पहुंचते हैं, ऐसे में शौचालय सुविधा ठप होने से समस्या और भी गंभीर हो गई है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं न मिलना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। व्यापारी जगत असवाल, कृपाल सिंह रावत, कौर सिंह रावत और राय सिंह पवार ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सुलभ शौचालय को सुचारु करने की मांग की है।
वहीं पर्यावरण मित्र आदेश कुमार के अनुसार, जल संस्थान द्वारा पानी का कनेक्शन काट दिए जाने के कारण मजबूरी में शौचालय पर ताला लगाना पड़ा है।
सुलभ शौचालय के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि जल संस्थान का करीब 75 हजार रुपये का बकाया बिल जमा करने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही शौचालय को फिर से खोल दिया जाएगा।
दूसरी ओर, जल संस्थान के अवर अभियंता रवित शाह का कहना है कि शौचालय प्रबंधन को कई बार बकाया बिल जमा करने के लिए सूचित किया गया था, लेकिन भुगतान न होने के चलते कनेक्शन काटना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।



