थत्यूड़ में गूंजा स्वागत का शोर, मंत्री खजान दास ने किया बड़ा ऐलान
पेंशन पर बड़ा फैसला जल्द! थत्यूड़ से मंत्री खजान दास का ऐलान

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल): उत्तराखंड सरकार में समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग के कैबिनेट मंत्री खजान दास के अपने गृह क्षेत्र विकासखंड थत्यूड़ पहुंचने पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और सामाजिक-राजनीतिक प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।
ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री खजान दास ने कहा कि धनोल्टी विधानसभा की जनता के आशीर्वाद से ही वे दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बने हैं। अपने गृह क्षेत्र में पहुंचकर वे भावुक हो गए और कहा कि “अपने लोगों के बीच जो स्नेह और अपनापन मिला, उससे मैं अभिभूत हूं।”
मंत्री ने समाज कल्याण विभाग से जुड़े पेंशन प्रकरणों में आय प्रमाण पत्र की ₹4000 सीमा को संशोधित करने के लिए आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि जून माह में ब्लॉक मुख्यालय पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां विभागीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पेंशन वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाया है, जिससे अब लाभार्थियों को सीधे उनके खातों में समय पर राशि मिल रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां समान नागरिक संहिता लागू करने की पहल की गई है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने उप तहसील, थत्यूड़ स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने, देहरादून में टैक्सी वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग, देवलसारी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और फसल बीमा के उचित मुआवजे के लिए वेदर मशीन लगाने जैसी समस्याओं को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, पूर्व प्रमुख कुंवर सिंह पंवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, राजेश नौटियाल, आशुतोष कोठारी, रेखा डंगवाल, जिला पंचायत सदस्य ख्यार्शी वार्ड सविता देवी अकवीर पवार, विनीता रावत, खेमराज भट्ट, विजेंद्र पवार, रमेश लेखवार, शिवदास, राजेंद्र कोहली, निहाल सिंह रावत, जयपाल केरवाण, कुलबीर रावत, विनोद राणा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



