थत्यूड

खेड़ा व स्यालसी सहकारी समितियों के नव निर्वाचित संचालक मंडल ने ली शपथ

दीनदयाल उपाध्याय कृषक कल्याण योजना के तहत 45 किसानों को मिला 50 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण

रिपोर्ट—मुकेश रावत 

थत्यूड़ (जौनपुर ब्लॉक)। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड खेड़ा एवं स्यालसी के नव निर्वाचित संचालक मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

विधायक ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

समारोह के मुख्य अतिथि धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड स्यालसी के संचालक मंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं खेड़ा समिति से शोभना देवी तथा स्यालसी समिति से सजेंद्र सेनवाल ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।

सहकारिता से आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत पहल

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला, कार्यक्रम अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष जौनपुर सुनील थपलियाल मौजूद रहे।

45 किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण वितरण

इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय कृषक कल्याण योजना के अंतर्गत 45 कृषक सदस्यों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर लगभग 50 लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए गए। यह ऋण पशुपालन, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग जैसे स्वरोजगार आधारित कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती : विधायक

मुख्य अतिथि विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों और काश्तकारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में खेड़ा सहकारी समिति सराहनीय कार्य कर रही है। जिला सहकारी बैंक के सहयोग से बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराकर किसानों को बड़ी राहत दी गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

महिला सशक्तिकरण की मिसाल हैं शोभना देवी : रमोला

जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला ने कहा कि शोभना देवी का अध्यक्ष चुना जाना उनके वर्षों के सामाजिक एवं सहकारिता क्षेत्र में किए गए कार्यों का परिणाम है। उन्होंने बिना किसी पद के गांव-गांव जाकर महिला समूहों का गठन किया और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा। आज सैकड़ों महिलाओं की सक्रिय सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आने वाले समय में खेड़ा सहकारी समिति प्रदेश की अग्रणी समितियों में शामिल होगी।

बड़ी संख्या में कृषक सदस्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ममता रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष अकवीर पंवार, पृथ्वी सिंह रावत, रविंद्र सिंह रावत सहित सहकारिता विभाग से अपर जिला सहकारी अधिकारी आनंद सिंह, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता प्रमोद कुमार, समिति सचिव रमेश कुमार तथा धर्मेंद्र मल्ल, राजेंद्र सिंह राठौर, उपेंद्र सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में कृषक सदस्य उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!