भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ संपन्न हुई भव्य रामलीला
मुख्य बाजार में निकाली गई आकर्षक झांकी, भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे

मुकेश रावत की रिपोर्ट
थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के रामलीला मैदान में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक समिति द्वारा आयोजित ऐतिहासिक रामलीला का समापन बृहस्पतिवार को भगवान श्रीराम के भव्य राजतिलक समारोह के साथ हुआ।
इससे पूर्व मुख्य बाजार से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी की अलौकिक झांकी निकाली गई, जिसे देखने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे बाजार में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
स्थानीय व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं ने झांकी का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात रामलीला मैदान में राजतिलक का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला का समापन देखने पहुंचे।
समापन अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष गजेंद्र असवाल, सचिव सुनील सजवाण, उपाध्यक्ष कमल किशोर नौटियाल, रामप्रकाश भट्ट, कोषाध्यक्ष मुनीम प्रधान, संगीतकार शांति प्रसाद चमोली, दीपक सकलानी, हरिलाल आदि मौजूद रहे।
समिति द्वारा समूचे आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और कलाकारों को सम्मानित किया गया।



