उत्तराखंड

जरूरतमंदों की मदद से संवर रहा भविष्य

शिक्षा और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में इंद्र सूर्य ट्रस्ट की सराहनीय पहल

मसूरी (उत्तराखंड), 19 दिसंबर। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने की दिशा में शुक्रवार का दिन मसूरी क्षेत्र के लिए यादगार बन गया। नवाड़ी धार गांव में प्रेरणादायक कार्यक्रम में जरूरतमंदों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान मुकेश पंवार की उपस्थिति में इंद्र सूर्य ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं संस्थापक कर्नल अनिल थापा (सेवानिवृत्त) ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान किया।

छात्र को मिला लैपटॉप, महिला को स्वरोजगार का साधन

कार्यक्रम के दौरान बी.टेक की पढ़ाई कर रहे रमेश नौटियाल के पुत्र समर्थ नौटियाल को पढ़ाई में सहायता हेतु एक लैपटॉप भेंट किया गया। वहीं बबीता रावत को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक स्वचालित बुनाई मशीन प्रदान की गई।

सहायता प्राप्त करने वालों ने भावुक होते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे स्वयं इन आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने में असमर्थ थे। उन्होंने इस सहयोग के लिए कर्नल थापा और ट्रस्ट के प्रति आभार जताया।

कमजोर वर्ग की सहायता के लिए सदैव तत्पर : कर्नल थापा

इस मौके पर कर्नल अनिल थापा ने कहा कि उनका संगठन समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने आशा जताई कि लैपटॉप समर्थ की उच्च शिक्षा में सहायक सिद्ध होगा, जबकि बुनाई मशीन बबीता रावत को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी और समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाएगी।

सहयोगियों और ग्राम प्रधान का जताया आभार

कर्नल थापा ने कार्यक्रम में उपस्थित ट्रस्ट सदस्यों राजेश, दलबीर सिंह, रायपाल एवं स्टाफ का धन्यवाद किया। साथ ही गोपाल और दीपक के विशेष योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ग्राम प्रधान मुकेश पंवार का भी समय निकालकर कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए धन्यवाद दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!