जौनपुर क्षेत्र में करवा चौथ पर दिखा मातृशक्ति का उत्साह
सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र की कामना कर रखा निर्जला व्रत

- परंपरागत गीतों और तांदी नृत्य से गूंज उठा ढाणा बाजार
- करवा चौथ पर थत्यूड़ में झलका सुहागिनों का पारंपरिक रंग
- गढ़वाली गीतों और तांदी नृत्य से सजा माहौल, महिलाओं ने पति की लंबी उम्र के लिए किया व्रत और प्रार्थना
रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र करवा चौथ के रंग में सराबोर नजर आया। शुक्रवार सुबह से ही क्षेत्र की सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार में सजी-धजी नजर आईं। परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मातृशक्ति ने अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रख भगवान से प्रार्थना की।
ढाणा बाजार, थत्यूड़ और आसपास के गांवों में करवा चौथ का उत्साह देखने लायक रहा। सुबह महिलाओं ने समूहों में एकत्र होकर भजन-कीर्तन किए और एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं। परंपरागत गढ़वाली गीतों और तांदी नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शाम होते ही जैसे ही आसमान में चांद का दीदार हुआ, सभी सुहागिनों ने छलनी से चांद देखकर अपने पति को निहारा और व्रत खोलने की रस्म निभाई। पति-पत्नी के इस पवित्र मिलन क्षण ने माहौल को और भी भावनात्मक बना दिया।
इस अवसर पर राजबाला असवाल, मोनिका रावत, सोनम असवाल, कृष्णा, पुनीता, रेखा, ममता, अंजलि, सीमा, रीना, सुरभि, श्वेता, प्रियंका, विनीता, रीमा, सीना समेत अनेक सुहागिन महिलाएं शामिल रहीं।



