
रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर विकासखंड के ग्राम डागू में शुक्रवार सुबह जंगली सूअर का हमला, एक महिला गंभीर रूप से घायल। सुबह लगभग 9 बजे, ग्राम डागू निवासी गुड्डी देवी पत्नी रणबीर कोहली अपने खेत में मवेशियों के लिए चारा-पत्ती इकट्ठा कर रही थीं, तभी झाड़ियों में छिपा जंगली सूअर अचानक हमला कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर सूअर को खदेड़ा। घायल गुड्डी देवी को पैदल गांव तक लाकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने महिला की स्थिति गंभीर बताई और उन्हें उच्च उपचार हेतु देहरादून रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान शीला देवी, पूर्व प्रधान सत्येश्वर भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन सिंह रावत, मुकेश और रामपाल आदि ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई।
वन रेंजर लतिका उनियाल ने बताया कि यह क्षेत्र में जंगली सूअर का पहला हमला है। पीड़ित परिवार को वन अधिनियम के तहत मुआवजा प्रदान किया जाएगा। साथ ही गांव के आसपास झाड़ियों की कटाई कर जंगली जानवरों से सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
वन विभाग की ओर से फॉरेस्टर अरविंद सिंह रावत और वन बीट अधिकारी रामलाल लेखवार घायल महिला के साथ अस्पताल पहुँचे। वहीं, डिप्टी रेंजर बिजेंद्र कोकलियाल भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पीड़िता से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली।
स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। वन विभाग ने आश्वासन दिया कि गांव के आसपास नियमित गश्त और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।