थत्यूड़: नवोदय चयन में विद्यार्थियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, दो विद्यालयों की शानदार उपलब्धि

थत्यूड़ (टिहरी )। जौनपुर विकासखंड के थत्यूड़ क्षेत्र में इस वर्ष जवाहर नवोदय विद्यालय, पौखाल की प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्र के दो प्रमुख विद्यालयों के होनहार छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जौनपुर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सरस्वती शिशु मंदिर थत्यूड़ से इस वर्ष कुल 9 प्रतिभाशाली भैया-बहनों का चयन नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में ऋषभ महर, अनिरुद्ध, गणेश पंवार, तनिश, कृष्णा, अनुप, रितिका, ऋषिका तथा अभिषेक कंडवाल शामिल हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश्वर प्रसाद बडोनी ने इस सफलता को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। नवोदय में चयनित ये छात्र अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
वहीं, क्षेत्र के ही अलीट स्कॉलर्स होम, थत्यूड़ ने भी इस वर्ष उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। विद्यालय के 10 विद्यार्थियों में से 5 विद्यार्थियों का प्रथम काउंसलिंग में चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में सामर्थ असवाल, प्रत्यक्ष पंवार, शिवांश नौटियाल, केशव लेखवार और पीयूष शाह शामिल हैं।
विशेष रूप से प्रत्यक्ष पंवार का चयन ऑल इंडिया सैनिक स्कूल की लिखित परीक्षा में भी हुआ है, जिसे विद्यालय और क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का संयुक्त परिणाम है।
दोनों विद्यालयों की इस उपलब्धि से पूरे जौनपुर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की शैक्षिक प्रगति का प्रतीक बताते हुए सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही आशा जताई जा रही है कि आने वाले वर्षों में भी यहां के विद्यार्थी इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे।



