थत्यूड

रवि सीजन: मौसम आधारित फसल बीमा का पोर्टल खुला, किसानों में दिखा उत्साह

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। रवि सीजन के लिए मौसम आधारित फसल बीमा योजना का पोर्टल 18 दिसंबर से खुल चुका है, जो 31 दिसंबर तक सक्रिय रहेगा। योजना के शुरू होते ही क्षेत्र के किसानों में फसल बीमा कराने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत नींबू वर्गीय फसलें, सेब, अति सघन आम, आड़ू, कीवी और मटर सहित कई उद्यान फसलों को बीमा दायरे में शामिल किया गया है। किसान अपनी फसलों का बीमा कर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा पा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए बैंक पासबुक, खतौनी की नकल और बुवाई प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर आगे भी बढ़ सकती है।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों ने बैंक से ऋण ले रखा है, वे बैंक या किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जबकि अन्य किसान सीएचसी (कॉमन सर्विस सेंटर) के जरिए फसल बीमा करा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना उद्यान कार्ड के भी फसल बीमा योजना के लिए आवेदन किया जा सकता है।

अंत में उन्होंने क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपनी फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ उठाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!