Thatyud Accident: बोलेरो वाहन पलटा, दो लोग बाल-बाल बचे – Minor Injuries Reported After Boulder Falls on Road

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। शुक्रवार दोपहर करीब 2:05 बजे थत्यूड़ थाना क्षेत्र में एक बोलेरो पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को फोन पर प्राप्त हुई। दुर्घटना थत्यूड़ बाजार से लगभग तीन किलोमीटर आगे सिर्वा पुल के समीप मुख्य मोटर मार्ग पर हुई, जहां अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर बोलेरो वाहन (नं. HR58E-1084) अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया गया कि यह बोलेरो वाहन थत्यूड़ बाजार से लौटकर यमुनानगर (हरियाणा) की ओर जा रहा था। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे — चालक रजत (पुत्र जगदीश, उम्र 30 वर्ष) और सहयात्री जसपाल (पुत्र मदनपाल, उम्र 42 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम तीर्थनगर, यमुनानगर (हरियाणा)।
दुर्घटना के बाद दोनों व्यक्ति वाहन में फंस गए थे, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस टीम व स्थानीय नागरिकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सौभाग्य से दोनों को केवल मामूली चोटें और खरोचें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सुरक्षित बताया गया है।
मौके पर ही पुलिस व ग्रामीणों की तत्परता से वाहन को मुख्य मार्ग से हटाकर यातायात को पुनः सामान्य किया गया।
इस दौरान घटनास्थल पर उपनिरीक्षक अजय भास्कर, हेड कांस्टेबल कैलाश चौहान (57 ना.पु.), कांस्टेबल राजवीर सिंह (53 ना.पु.), होमगार्ड गुलाब सिंह, तथा पीआरडी जवान शरद सिंह मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।