थत्यूड

टिहरी पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ तेज, स्मैक तस्करी में दो आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी श्वेता चौबे के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई, 5 ग्राम अवैध स्मैक व कार बरामद

थत्यूड़ , 11 अप्रैल 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थत्यूड़ पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 ग्राम अवैध स्मैक और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के स्पष्ट निर्देशों के बाद जनपद के सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी और क्षेत्राधिकारी चम्बा के निकट पर्यवेक्षण में थत्यूड़ पुलिस ने 11 अप्रैल को चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वाहन संख्या UK-04-M-4447 स्विफ्ट कार को रोका, जिसमें सवार दो व्यक्तियों के पास से 5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनवीर कुमार (28 वर्ष) निवासी दड़माली, पुजारगांव, उत्तरकाशी और विकास (33 वर्ष) निवासी सिगुड़ी, उत्तरकाशी के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना थत्यूड़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस टीम में शामिल रहे थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत, उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह जीना, उपनिरीक्षक गुमान सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल मुकेश सिलोडी, कांस्टेबल नरेश तोमर एवं सिपाही बृजमोहन।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!