नशामुक्त उत्तराखंड की दिशा में सख्ती
मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण, अनियमितता पर बिक्री तत्काल रोकी

टिहरी, 27 दिसंबर। पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड को नशामुक्त राज्य बनाए जाने के संकल्प के तहत जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में शुक्रवार को मुनि की रेती, तपोवन एवं शिवपुरी क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया।
लाइसेंस शर्तों की हुई जांच
औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में दवा विक्रय से संबंधित लाइसेंस की शर्तों की गहन जांच की गई। इस दौरान फार्मासिस्ट की मौके पर उपलब्धता सुनिश्चित की गई, साथ ही एक्सपायरी दवाओं के रख-रखाव की भी समीक्षा की गई।
बिना पर्चे मनोप्रभावी दवाओं की बिक्री पर सख्त निर्देश
निरीक्षण टीम द्वारा मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मनोप्रभावी एवं नशीली दवाओं की बिक्री बिना चिकित्सक के वैध पर्चे के किसी भी स्थिति में न की जाए।
अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई
जांच के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर्स में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इस पर संबंधित दुकानों का क्रय-विक्रय (सेल-परचेज) तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



