थत्यूड

टिहरी लेक फेस्टिवल: सुवाखोली से देवलसारी तक 35 किमी माउंटेन बाइक राइड संपन्न

देश के विभिन्न राज्यों से आए 51 राइडर्स ने लिया हिस्सा, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल

थत्यूड। टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के तहत साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जौनपुर विकासखंड में सुवाखोली से देवलसारी तक 35 किलोमीटर लंबी माउंटेन बाइक (एमटीबी) राइड का आयोजन किया गया। इस राइड में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 51 साइकिल राइडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शनिवार सुबह करीब 8 बजे सुवाखोली से शुरू हुई यह राइड रोतु की बेली, अलमस, थत्यूड़, दुगड़ा, तेवा और बगसिल होते हुए दोपहर लगभग 2 बजे देवलसारी पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्वतीय पर्यटन स्थलों का आनंद लिया।

प्रदेश में एडवेंचर, इको और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। आयोजन के तहत प्रतिभागी देवलसारी में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद रविवार को वेलनेस गतिविधियों के साथ अन्य साहसिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही देवलसारी महादेव मंदिर में दर्शन करने के बाद नाग टिब्बा मार्ग पर ट्रैकिंग भी की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर एसडीएम नीतू चावला, जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, फॉरेस्ट रेंजर लतिका, पौधशाला विकास अधिकारी राहुल राणा, तहसीलदार विरम सिंह पंवार, सहायक वन संरक्षक दिनेश नौडियाल और उपकोषाधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित आयोजक संस्था पहाड़ी पैडलर्स के सदस्य मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!