कोटी कॉलोनी में टिहरी झील महोत्सव–2026 ‘हिमालयन O2’ का शुभारंभ, सीएम ने की बोटिंग
पुरानी टिहरी की यादों पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र, स्वास्थ्य विभाग के तीन सचल चिकित्सा वाहनों को दिखाई हरी झंडी

टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल की कोटी कॉलोनी में शुक्रवार को टिहरी झील महोत्सव–2026 ‘हिमालयन O2’ का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के दौरान पुरानी टिहरी शहर की स्मृतियों को संजोए एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें पुराने टिहरी शहर के दुर्लभ चित्र, विभिन्न मंदिरों के फोटो, पारंपरिक वाद्ययंत्र तथा ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक ने मुख्यमंत्री को तांबे से निर्मित ढोल-नगाड़े का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के तीन सचल चिकित्सा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक गढ़वाल भोज का भी आनंद लिया। भोज में लाल चावल, हर्षिल का राजमा, कंडाली का साग, मंडुवे की रोटी, झंगुरे की खीर, शकिना का रायता, राई की सब्जी और रोट जैसे स्थानीय व्यंजन परोसे गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मास्टर शेफ टिहरी प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों ने पहाड़ी अनाजों से बने विभिन्न व्यंजन प्रस्तुत किए। व्यंजनों का मूल्यांकन मास्टर शेफ स्मृति हरि द्वारा किया गया। पहले चरण में चयनित प्रतिभागी शनिवार को आयोजित अगले दौर में अपनी पाक-कला का प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने टिहरी झील में नौकायन (बोटिंग) भी किया और देश-विदेश के पर्यटकों को टिहरी आने का आमंत्रण देते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे विभिन्न स्टालों का भी निरीक्षण किया। इनमें आईटीबीपी की 12वीं बटालियन, कीर्तिनगर की उर्मिला स्वयं सहायता समूह पैंडुला द्वारा निर्मित पत्तल तथा वेदावी स्वयं सहायता समूह के उत्पाद शामिल रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार खाद्य उत्पाद, हर्बल टी, प्रकाश और अनीता सकलानी की खटाई की रसाण तथा रमोला ब्रांड के ऊनी वस्त्र भी प्रदर्शित किए गए।



