क्रिसमस–न्यू ईयर से पहले अलर्ट मोड में पुलिस व अग्निशमन विभाग
पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चंबा–धनोल्टी क्षेत्र में चला संयुक्त फायर सेफ्टी निरीक्षण अभियान

थत्यूड़। क्रिसमस पर्व और आगामी नववर्ष समारोह के दौरान बढ़ने वाली पर्यटक आवाजाही को देखते हुए जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल जनपद में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा संयुक्त फायर रिस्क निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड के पुलिस महानिरीक्षक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशों पर संचालित किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी व सीओ चंबा ने संभाली कमान
निरीक्षण अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी गढ़वाल संजीवा कुमार एवं क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा ने किया। इस दौरान अग्निशमन विभाग, यू अभिसूचना इकाई एवं स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने चंबा–धनोल्टी क्षेत्र में स्थित होटल, रिसॉर्ट, संस्थान एवं प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गहन फायर सेफ्टी ऑडिट किया।
होटल-रिसॉर्ट्स में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच
अभियान के तहत गौतम रेजिडेंसी, क्लासिक हिल टॉप, कोजी पाइन कानाताल, अमाया रिसॉर्ट, इको ग्लैम, क्लब महिंद्रा, द हैमर ट्री, द टेरेसस तथा सुरखंडा रोप-वे सहित कई प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई।
फायर उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट और अलार्म सिस्टम पर खास फोकस
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता व कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति, विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा, अग्नि अलार्म सिस्टम तथा कर्मचारियों की आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी का परीक्षण किया गया।
कर्मचारियों को दिया गया फायर फाइटिंग का प्रशिक्षण
टीम द्वारा होटल एवं संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को फायर एक्सटिंग्यूशर, होजरील व हाइड्रेंट जैसे उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी, आपात सेवाओं को समय रहते सूचना देने तथा घबराहट से बचते हुए संयमित ढंग से कार्य करने के दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पर्यटक सीजन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश
पुलिस व अग्निशमन विभाग ने होटल स्वामियों व प्रबंधकों को निर्देशित किया कि क्रिसमस एवं नववर्ष के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। सभी प्रतिष्ठानों में नियमित फायर ड्रिल आयोजित करने तथा कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों का अभ्यास अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जनसुरक्षा सर्वोपरि, नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस एवं अग्निशमन विभाग ने आम नागरिकों व पर्यटकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।



