25 साल की सेवा के बाद शिक्षिका रमा रावत को भावुक विदाई
ढोल-दमाऊं के साथ ग्रामीणों ने दी सम्मानपूर्ण विदाई, छात्रों ने जताया आभार

सकलाना (टिहरी ): राजकीय प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव में 25 वर्षों की लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुई शिक्षिका रमा रावत को भावुक माहौल में विदाई दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने ढोल-दमाऊं के साथ उनका भव्य स्वागत व सम्मान किया।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रमा रावत ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के बच्चों को न केवल शिक्षा दी, बल्कि उन्हें संस्कार और जीवन मूल्यों की भी सीख दी। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
अपने संबोधन में रमा रावत ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के 25 वर्ष इस क्षेत्र को समर्पित किए हैं और यहां के लोगों का स्नेह उनके लिए हमेशा अमूल्य रहेगा।
ग्राम प्रधान करिश्मा हटवाल ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य सतेन्द्र सरियाल ने कहा कि उनका कार्यकाल विद्यालय के लिए प्रेरणादायक रहा है।
इस दौरान समाजसेवी अनिल हटवाल ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए उनके योगदान को सराहा।
कार्यक्रम में अंजू कंडारी, प्रदीप उनियाल, गोविंद सिंह, सुरेंद्र सिंह, सचिन, देवेन्द्र, अंशुल, गुलाब सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निर्मला, कृष्णा, रेखा, प्रीति, चखी देवी, सीता देवी, अभिभावक संघ अध्यक्ष दिनेश हटवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



