थत्यूड़ से उभरा प्रतिभा का सितारा: ब्लॉक टॉपर आदित्य सजवाण सम्मानित।
कार्यशाला में गूंजा शिक्षा का गौरव

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। आदित्य सजवाण ने वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में राइका थत्यूड से ब्लॉक स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग द्वारा आयोजित बाल अधिकार एवं सुरक्षा विषयक जन-जागरूकता और संवेदीकरण कार्यशाला में उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम गुरुवार को थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में आयोजित हुआ, जहां शिक्षा और बाल अधिकारों को लेकर सार्थक संवाद भी हुआ।
कार्यक्रम में आयोग के सचिव डॉ. एस.के. बरनवाल ने आदित्य को प्रशस्ति चिन्ह प्रदान करते हुए कहा कि ऐसे मेधावी छात्र न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र की प्रेरणा होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को अधिकार के साथ-साथ जिम्मेदारी मानते हुए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश देवराडी ने आदित्य की प्रशंसा करते हुए बताया कि वह प्रारंभ से ही परिश्रमी, अनुशासनप्रिय और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहा है। उन्होंने कहा कि आदित्य का लक्ष्य प्रदेश स्तर पर स्थान प्राप्त करना था और भले ही वह लक्ष्य थोड़ा पीछे रह गया, लेकिन उसकी उपलब्धि अपने-आप में अत्यंत गौरवपूर्ण है और आने वाले समय में वह और बड़ी सफलताएं अर्जित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों, एसएमसी व पीटीए पदाधिकारियों तथा अभिभावकों ने आदित्य और उसके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।



