जिला अस्पताल बौराड़ी में महिला का सफल लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन
आधुनिक तकनीक से पित्ताशय की पथरी का सफल उपचार, मरीज की हालत स्थिर

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल के जिला अस्पताल बौराड़ी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक और बड़ी चिकित्सा उपलब्धि हासिल की गई है। अस्पताल में 35 वर्षीय महिला का पित्ताशय की पथरी (कोलेलिथियासिस) का लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पेट दर्द से थी परेशान, जांच में निकली पित्ताशय की पथरी
महिला मरीज लंबे समय से पेट दर्द व अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी। जांच के दौरान पित्ताशय में पथरी की पुष्टि होने पर चिकित्सकों ने दूरबीन विधि से ऑपरेशन का निर्णय लिया। पहले डायग्नोस्टिक लैप्रोस्कोपी की गई, जिसके बाद पित्ताशय को सफलतापूर्वक हटाया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन
यह शल्यक्रिया जिला अस्पताल के जनरल सर्जन डॉ. मिथुन विश्वास एवं डॉ. रिचा नौटियाल द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन के दौरान अस्पताल की अनुभवी चिकित्सकीय टीम ने समन्वय के साथ कार्य किया।
अधीक्षक बोले— जनपद में ही मिल रही आधुनिक चिकित्सा सुविधा
अस्पताल अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और मरीज तेजी से स्वस्थ हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल बौराड़ी में आधुनिक तकनीक से शल्यक्रियाएं की जा रही हैं, जिससे अब लोगों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। यह उपलब्धि अस्पताल की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकों की दक्षता को दर्शाती है।
इन चिकित्सकों व स्टाफ का रहा अहम योगदान
इस सफल शल्यक्रिया में
डॉ. जफिर अहमद (जनरल सर्जन),
डॉ. शैलेंद्र (निश्चेतक),
डॉ. दिव्यांशु नैथानी (निश्चेतक),
मोहिनी जॉन (ओटी टेक्नीशियन),
कवींद्र (ओटी टेक्नीशियन)
सहित अन्य चिकित्सा स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



