
थत्यूड़। धनोल्टी तहसील अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रौतु की बेली में शनिवार को वनाग्नि जागरूकता गोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य एसके वर्मा ने की।
कार्यशाला में उपवन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र कोकलियाल ने छात्र-छात्राओं को वनाग्नि के कारण, दुष्परिणाम और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जंगलों में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी आग का रूप ले सकती है, इसलिए सभी को सतर्क रहना चाहिए और आग लगने की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं वन सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर वनकर्मी मंजीव, आनंद सिंह तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी मामराज रावत सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



