उत्तराखंड ताज़ा

टिहरी में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी पर सख्ती, जिला प्रशासन ने नोडल अधिकारी किए नामित

242 निरीक्षण में 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, कंट्रोल रूम भी स्थापित

टिहरी गढ़वाल। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की कालाबाजारी, अवैध संग्रहण एवं दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने वर्तमान खाड़ी देशों में उत्पन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनपद स्तर पर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।

इस व्यवस्था के तहत अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रिजेश भट्ट तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के एलपीजी डिवीजन द्वारा नामित अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन भी किया है। इस टीम में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक शामिल किए गए हैं, जिन्हें नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु जिला आपदा परिचालन केंद्र, नई टिहरी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक यहां दूरभाष नंबर 01376-234793, 01376-233433, 9456533332, 8126268098, 7465809009, 7983340807 तथा तेल कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर 18002333555 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल के अनुसार, बीते एक सप्ताह में निरीक्षण दल द्वारा व्यापक अभियान चलाते हुए गैस गोदामों पर 50, पेट्रोल पंपों पर 28 और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 164 निरीक्षण किए गए। इस दौरान कुल 242 निरीक्षणों में 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जो अवैध रूप से उपयोग में लाए जा रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!