थत्यूड

ग्राम पंचायत रौतु की बेली में सामाजिक सुधार की पहल, मांगलिक आयोजनों में शराब-मांस पर पूर्ण प्रतिबंध

रिपोर्ट— मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)।  जौनपुर विकासखंड अंतर्गत Paneer Village के नाम से प्रसिद्ध ग्राम पंचायत रौतु की बेली में रविवार को ग्राम पंचायत स्तर पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान पूजा पंवार ने की। इसमें ग्राम पंचायत सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि ग्राम सभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले सभी मांगलिक एवं सामाजिक कार्यक्रम—जैसे विवाह, मुंडन, अन्नप्राशन, जन्मदिन और नौण पर्व—पूरी तरह नशामुक्त रहेंगे। इन आयोजनों में कच्ची-पक्की शराब, बीयर तथा सभी प्रकार के मांस के सेवन और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।

नियम उल्लंघन पर एक लाख रुपये जुर्माना, सामाजिक बहिष्कार का भी प्रावधान

प्रस्ताव के अनुसार मांगलिक कार्यक्रमों में डीजे संचालन की समय-सीमा रात्रि 12 बजे तक निर्धारित की गई है। ग्राम सभा के किसी भी परिवार द्वारा किसी भी अतिथि को शराब परोसने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति अथवा परिवार पर ₹1,00,000 का अर्थदंड लगाने के साथ-साथ सामाजिक बहिष्कार का भी प्रावधान किया गया है।

इष्ट देवता की कसम खाकर ली पालन की शपथ

बैठक के दौरान सभी ग्रामीणों ने ग्राम सभा के मंडाण चौक पर अपने इष्ट देवता की कसम खाकर इन निर्णयों के अक्षरशः पालन की शपथ ली। ग्रामीणों का कहना है कि इस सामूहिक पहल से सामाजिक अनुशासन सुदृढ़ होगा और गांव में सकारात्मक, सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण होगा।

उल्लेखनीय है कि जौनपुर विकासखंड में इन दिनों ग्राम सभाओं के माध्यम से सामाजिक सुधार की दिशा में ऐसे निर्णयों का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक कई ग्राम पंचायतें नशामुक्ति और सामाजिक अनुशासन को लेकर ठोस कदम उठा चुकी हैं।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पंवार, युद्धवीर सिंह पवार, सरदार सिंह रावत, पृथ्वी सिंह रावत, दीपेंद्र रावत, प्रेम सिंह, दिग्गज रमोला, रविंद्र सिंह, विक्रम सिंह, महावीर सिंह, भाग सिंह, सुमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!