गणतंत्र दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया गया नमन
खंड विकास अधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में परिजनों ने साझा की आज़ादी की संघर्ष गाथाएं

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में स्वतंत्रता सेनानियों के अमूल्य योगदान को श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों ने देश की आज़ादी के लिए किए गए संघर्ष, आंदोलनों और जेल यात्राओं की मार्मिक गाथाएं साझा करते हुए वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों ने अपने-अपने पूर्वजों के चित्र खंड विकास अधिकारी जौनपुर अर्जुन सिंह रावत को भेंट किए। इस क्रम में हरिप्रसाद लेखवार ने स्वतंत्रता सेनानी मायाराम लेखवार, ओमप्रकाश योगी ने स्वतंत्रता सेनानी किशन लाल योगी तथा गोकुल सिंह असवाल ने स्वतंत्रता सेनानी मायाराम असवाल का छायाचित्र भेंट कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण ही देश आज़ाद हुआ। उन्होंने कहा कि जिन विषम परिस्थितियों में इन महान विभूतियों ने आज़ादी की लड़ाई लड़ी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। देश उनके अमूल्य योगदान को कभी भुला नहीं सकता।
इस अवसर पर सुमन सिंह रौछेला, संचित सेमवाल, संजय तिवाड़ी, दीपक सकलानी, प्रवेश पोखरियाल, बलवीर रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



