उत्तराखंड ताज़ा

रुद्रप्रयाग को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व, आईएएस विशाल मिश्रा ने संभाली कमान

तकनीकी दक्षता और परिणामोन्मुख कार्यशैली वाले अधिकारी को चारधाम यात्रा तैयारियों के मद्देनज़र मिली जिम्मेदारी

रुद्रप्रयाग। जनपद को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी विशाल मिश्रा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने ट्रेजरी चार्ज लिया तथा अन्य प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कीं। इस दौरान पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।

उत्तराखंड कैडर के अधिकारी विशाल मिश्रा की नियुक्ति केदारनाथ धाम की संवेदनशीलता और आगामी चारधाम यात्रा की व्यापक तैयारियों को ध्यान में रखते हुए की गई है। वे तकनीकी दक्षता, नवाचार आधारित प्रशासनिक सोच और परिणामोन्मुख कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

इससे पहले मिश्रा गढ़वाल मंडल विकास निगम में प्रबंध निदेशक रहे, जहां उन्होंने पर्यटन अवसंरचना और व्यवस्थाओं को मजबूत करने में उल्लेखनीय कार्य किए। वे जल जीवन मिशन के मिशन निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं और पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूर्व में वे उधम सिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट रहे। वहीं अल्मोड़ा जनपद में कोसी नदी पुनरुद्धार परियोजना में उनके नेतृत्व और तकनीकी दृष्टिकोण की सराहना की गई।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी मिश्रा का जन्म 10 जुलाई 1992 को हुआ। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. हरकोर्ट बटलर टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट से तथा एम.टेक. आईआईटी कानपुर से किया।

वर्ष 2018 में 26 वर्ष की आयु में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 49 प्राप्त की।

कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और चारधाम यात्रा के सुरक्षित संचालन के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!