वार्ड बॉय व पर्यावरण मित्र के 1046 पदों पर जल्द होगी भर्ती
आउटसोर्सिंग के माध्यम से होगी नियुक्ति, मंत्री ने अधिकारियों को दिए तेज़ी के निर्देश

देहरादून, 2 जनवरी। राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत वर्षों से रिक्त पड़े वार्ड बॉय (चतुर्थ श्रेणी) एवं पर्यावरण मित्र के कुल 1046 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। इन पदों को आउटसोर्सिंग प्रक्रिया के माध्यम से भरा जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार को लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है। अस्पतालों में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण और आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सफाई व्यवस्था को मिलेगा मजबूती
मंत्री ने बताया कि अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से लंबे समय से रिक्त पड़े चतुर्थ श्रेणी एवं पर्यावरण मित्रों के पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। कुल 1046 पदों में से 680 पद चतुर्थ श्रेणी और 366 पद पर्यावरण मित्र के हैं।
जनपदवार रिक्त पदों का विवरण
चतुर्थ श्रेणी के पदों में हरिद्वार में 89, नैनीताल में 196, पौड़ी में 40, चमोली में 131, उत्तरकाशी में 38, अल्मोड़ा में 31, बागेश्वर में 10, पिथौरागढ़ में 99, चंपावत में 25 तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय में 21 पद रिक्त हैं।
वहीं पर्यावरण मित्र के पदों में हरिद्वार में 21, नैनीताल में 136, पौड़ी में 37, चमोली में 43, उत्तरकाशी में 36, अल्मोड़ा में 16, बागेश्वर में 15, पिथौरागढ़ में 43, चंपावत में 15 तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय में 4 पद शामिल हैं।
कई जनपदों में प्रक्रिया शुरू
मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि इन सभी पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आउटसोर्स कंपनी का शीघ्र चयन कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जनपदों में भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।



