उत्तराखंड ताज़ा

शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के 2364 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

रोजगार प्रयाग पोर्टल पर 5 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन आउटसोर्स के माध्यम से होगी तैनाती, स्थानीय युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता

देहरादून, 3 फरवरी 2026। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत लंबे समय से रिक्त पड़े चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के 2364 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट रोजगार प्रयाग पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

 

आउटसोर्स के माध्यम से होगी नियुक्ति

 

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विभाग के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में सृजित चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के रिक्त पदों (मृत संवर्ग) पर भर्ती की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती आउटसोर्स के माध्यम से की जाएगी, जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

 

जनपदवार पदों का विवरण जारी

 

रोजगार प्रयाग पोर्टल पर जनपदवार रिक्तियों का विवरण प्रकाशित कर दिया गया है। इसके तहत उत्तरकाशी में 135, रुद्रप्रयाग में 106, टिहरी गढ़वाल में 268, ऊधमसिंह नगर में 182, पिथौरागढ़ में 197, पौड़ी में 340, बागेश्वर में 89, अल्मोड़ा में 254, चमोली में 179, चम्पावत में 120, देहरादून में 195, हरिद्वार में 91 तथा नैनीताल जनपद में 208 पदों पर भर्ती की जाएगी।

 

इन कार्यालयों और विद्यालयों में होगी तैनाती

 

चयनित अभ्यर्थियों को महानिदेशालय कार्यालय, निदेशालय माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा, अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (एससीईआरटी), बोर्ड कार्यालय रामनगर, मंडलीय अपर निदेशक कार्यालय (गढ़वाल एवं कुमाऊं), समस्त डायट, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक/बेसिक) कार्यालयों सहित इंटर कॉलेज और हाईस्कूलों में रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती दी जाएगी।

 

15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय

 

आउटसोर्स के माध्यम से तैनात किए जाने वाले चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों को प्रतिमाह 15,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा।

 

बयान

 

“शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के 2364 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र ही आउटसोर्स के माध्यम से विद्यालयों में तैनाती दी जाएगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।”

— डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!