
सुभाष बडोनी
यमुनोत्री। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलक्यारा के पास एक यात्रा वाहन (बस संख्या UK08PA 1482) अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बस में कर्नाटक के करीब 40 तीर्थयात्री सवार थे। यह वाहन यमुनोत्री से गंगोत्री की ओर जा रहा था। मौके पर पुलिस, NHIDCL की टीम, और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी तीर्थयात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ब्रह्मखाल भेजा गया है।
प्रशासन द्वारा घटना स्थल पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन तत्पर है और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और यात्रा के दौरान सतर्क रहें।