
थत्यूड/धनोल्टी। जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी धनोल्टी के निर्देशों पर मंगलवार को तहसीलदार धनोल्टी बिरम सिंह पंवार ने क्षेत्र के तीन CSC (जनसेवा केंद्र) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में दो केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं।
राजस्व उप निरीक्षक अर्विंद कुमार एवं राजस्व निरीक्षक दिनेश सिंह बिष्ट की उपस्थिति में किए गए निरीक्षण के दौरान देवभूमि जनसेवा केंद्र और नोटियाल जनसेवा केंद्र में अद्यतन रेट-लिस्ट प्रदर्शित नहीं मिली और न ही रजिस्टर अद्यतन पाया गया। इससे लाभार्थियों से अनधिकृत शुल्क वसूली की आशंका मजबूत होती है।
वहीं RB जनसेवा केंद्र में रजिस्टर तो अद्यतन था, लेकिन अद्यतन रेट-लिस्ट चस्पा नहीं पाई गई।
इस पर तहसीलदार ने सभी केंद्र संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेट-लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।
निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली न करें। अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखें।
तहसीलदार पंवार ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन न करने पर CSC ID निलंबित कर दी जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को सराहते हुए कहा कि इससे मनमानी पर अंकुश लगेगा और जनता को पारदर्शी सेवाएँ मिलेंगी।



