नैनबाग : मूसलधार बारिश से गिरी दीवार, मकानों पर मंडराया खतरा – आवागमन पूरी तरह बाधित

रिपोर्ट—शिवांश कुंवर
नैनबाग (टिहरी गढ़वाल)। लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने मसोन क्षेत्र के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीती रात भारी बारिश के चलते एक मकान के पास स्थित बड़ी दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इस घटना से न केवल मकान पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है, बल्कि क्षेत्र का आवागमन भी ठप हो गया है।
स्थानीय निवासी अर्जुन सिंह कुंवर ने बताया कि दीवार गिरने से उनका मकान भी प्रभावित हो गया है और आसपास की जमीन खिसकने की स्थिति में है। उन्होंने कहा –
यह तो भगवान की कृपा है कि दीवार रात में गिरी। यदि दिन में गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामवासियों का कहना है कि लगातार बारिश से कई जगहों पर मिट्टी खिसक रही है। पुराने मकान और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे लोग लगातार भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा घट सकता है।
अर्जुन सिंह कुंवर और अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया है कि तुरंत प्रभाव से तकनीकी टीम मौके पर भेजी जाए। प्रभावित परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए और आवागमन बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि कई परिवारों के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है और स्थिति हर गुजरते दिन के साथ और गंभीर होती जा रही है।



