ताज़ा ख़बर

मसूरी में पर्यटकों की गुंडागर्दी – छात्राओं से छेड़छाड़ के विरोध पर स्थानीय युवक पर चाकू से हमला,,,देखे वीडियो

🔴 स्थानीय लोगों में उबाल, पुलिस ने दो आरोपी दबोचे, दो फरार

🔴 घायल युवक की हालत स्थिर, आरोपियों पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज

मसूरी | रिपोर्ट  सुनील सोनकर 
पर्यटन नगरी मसूरी में शनिवार को एक बार फिर बाहरी पर्यटकों की मनमानी और अश्लील हरकतों ने शांति को भंग कर दिया। कैंपटी स्टैंड के पास छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी तक जा पहुंचा, जिसमें एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्कूल से लौट रहीं छात्राओं पर की गई अश्लील टिप्पणी

शनिवार दोपहर कैंपटी स्टैंड के पास पंजाब के जलंधर से आए चार पर्यटक खड़े थे। इसी दौरान स्कूल से घर लौट रहीं छात्राओं पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाने लगीं। छात्राओं द्वारा विरोध करने पर वहां मौजूद स्थानीय नागरिक तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपियों को लताड़ा।

विवाद बढ़ा तो निकाला चाकू, युवक को किया घायल

विरोध होते ही माहौल गर्मा गया और दोनों पक्षों में झड़प हो गई। इसी दौरान एक पर्यटक ने जेब से चाकू निकाल स्थानीय युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।

पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार, दो फरार

मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो पर्यटकों को हिरासत में ले लिया है। जबकि दो युवक फरार हो गए हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और दबिश देकर जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।

स्थानीयों में आक्रोश, शहर की छवि हो रही धूमिल

घटना के बाद मसूरी के स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि “पर्यटन के नाम पर मसूरी में बाहरी पर्यटकों की बढ़ती बदतमीजियों से शहर की गरिमा को ठेस पहुंच रही है।
स्थानीय निवासियों ने मसूरी को सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा प्रबंधन और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस का बयान

पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। फरार युवकों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ IPC की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!