दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, मुख्यमंत्री ने मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को दिखाई हरी झंडी
ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना के तहत चमोली व टिहरी से हुई शुरुआत, निःशुल्क जांच-दवा की सुविधा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से “ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना” के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को फ्लैग-ऑफ किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी नागरिक भौगोलिक या आर्थिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। यह पहल दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं, निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
चमोली और टिहरी से पहले चरण की शुरुआत
परियोजना के प्रथम चरण की शुरुआत जनपद चमोली एवं टिहरी गढ़वाल से की गई है, जहां दो पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को तैनात किया गया है। इन यूनिट्स के माध्यम से सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ 29 से अधिक प्रकार की निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवा वितरण, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यकता अनुसार रेफरल सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
हर यूनिट में डॉक्टर, तय समय पर गांव-कस्बों में पहुंचेगी सेवा
प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक मौजूद रहेंगे। ये यूनिट्स गांवों, कस्बों, स्कूलों और बाजारों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इसके लिए संबंधित जनपदों के प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी, डॉ. एस.एल. जेठानी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ओ.पी. सोनी एवं डॉ. सुभाष गुप्ता उपस्थित रहे।



