थत्यूड़ में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ, 13 न्याय पंचायतों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रिपोर्ट-मुकेश रावत
थत्यूड़। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, थत्यूड़ के खेल मैदान ढाणा में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार ने किया।
पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी : विधायक
उद्घाटन अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पवार ने विधानसभा क्षेत्र की 13 न्याय पंचायतों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद का भी जीवन में अहम स्थान है। खेलों से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास होता है, साथ ही अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
पहले दिन अंडर-14 वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
60 मीटर दौड़ बालक वर्ग में अनीश रांगड़ (न्याय पंचायत खेड़ा) ने प्रथम, अंशुल सिंह (न्याय पंचायत म्याणी) ने द्वितीय एवं अंश गुसाईं (न्याय पंचायत द्वारागढ़) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में आरुषि (न्याय पंचायत म्याणी) प्रथम, तानिया (न्याय पंचायत खेड़ा) द्वितीय तथा आरुषि गोसाईं (न्याय पंचायत द्वारागढ़) तृतीय रहीं।
600 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 600 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में मोनिका (न्याय पंचायत खेड़ा) प्रथम, प्राची (न्याय पंचायत मखडेत) द्वितीय एवं साक्षी (न्याय पंचायत म्याणी) तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं बालक वर्ग में सागर (न्याय पंचायत खेड़ा) प्रथम, आयुष (न्याय पंचायत भरवाकाटल) द्वितीय तथा अमन भंडारी (न्याय पंचायत स्यालसी) तृतीय स्थान पर रहे।
लंबी कूद में भी दिखी प्रतिभा
लंबी कूद बालिका वर्ग में नीतिका (न्याय पंचायत मखडेत) ने प्रथम, आरुषि गुसाईं (न्याय पंचायत द्वारागढ़) ने द्वितीय और राधिका (न्याय पंचायत म्याणी) ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बालक वर्ग में अंशुल मल्ल (न्याय पंचायत खेड़ा) प्रथम, आर्यन (न्याय पंचायत कैम्पटी) द्वितीय एवं रॉबिन कंडारी (न्याय पंचायत म्याणी) तृतीय स्थान पर रहे।
आगे की प्रतियोगिता बुराड़ी मैदान में
युवा कल्याण अधिकारी चतर लाल शाह ने बताया कि खेल महाकुंभ के अंतर्गत जौनपुर विकासखंड की 10 तथा थोलधार विकासखंड की तीन न्याय पंचायतों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संसदीय क्षेत्र नई टिहरी के बुराड़ी मैदान में आयोजित होने वाली अगली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एवीडियो डीपी चमोली, युवा कल्याण अधिकारी थोलधार गजेंद्र बिष्ट, सुनील सजवान, प्रवीण रावत, व्यायाम शिक्षक दिनेश गुसाईं, कमल सिंह पुंडीर, संजय चौहान, सुनीता रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



