कृषि सहायकों को बड़ी राहत, मानदेय में 4 हजार से अधिक की बढ़ोतरी
कृषि मंत्री गणेश जोशी के निर्देश पर शासनादेश जारी, ₹8300 से बढ़कर ₹12391 हुआ मानदेय

देहरादून, 19 जनवरी। प्रदेश के कृषि सहायकों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के बाद न्याय पंचायतों में तैनात कृषि सहायकों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। अब कृषि सहायकों को ₹8300 के स्थान पर ₹12391 मानदेय मिलेगा। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
काफी समय से कृषि सहायक मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। उनकी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री ने सचिव कृषि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शासन स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मानदेय बढ़ाने का निर्णय लागू कर दिया गया है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषि सहायक किसानों और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं। सरकारी योजनाओं, तकनीकी जानकारियों और नवीन कृषि पद्धतियों को किसानों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें उचित पारिश्रमिक देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मानदेय में हुई इस बढ़ोतरी से कृषि सहायकों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे और अधिक उत्साह के साथ किसानों की सेवा कर सकेंगे। वहीं, इस फैसले के बाद प्रदेशभर के कृषि सहायकों में खुशी की लहर है और उन्होंने राज्य सरकार व कृषि मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया है।



