थत्यूड़ में किसान दिवस: योजनाओं की जानकारी, कृषि यंत्रों की खरीद और सीएम का लाइव संबोधन

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय के ब्लॉक सभागार में सोमवार को कृषि विभाग द्वारा आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम अपर जिला अधिकारी टिहरी अवधेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों ने सहभागिता कर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली, साथ ही कृषि यंत्रों और उन्नत बीजों की खरीद भी की।
कृषि मेले के दौरान उद्यान, पशुपालन और सहकारिता विभागों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। अपर जिला अधिकारी अवधेश कुमार ने कहा कि किसान दिवस प्रदेश के हर विकासखंड में आयोजित किया जा रहा है, ताकि भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी सीधे काश्तकारों तक पहुंच सके और वे अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
ब्लॉक कृषि अधिकारी सुनील डोगरा ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा कृषि से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान दोपहर 2 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कर्णप्रयाग से लाइव प्रसारण भी किसानों को सुनाया गया।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष बलबीर राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री गीता रावत, तहसीलदार धनोल्टी बिरम सिंह पवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, बचन सिंह रावत, खेमराज भट्ट, सोवत रावत, ग्राम प्रधान सरस्वती रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्वेता देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।



