उत्तराखंड ताज़ा

गणतंत्र दिवस को भव्य व गरिमामय बनाने के निर्देश, डीएम ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

देहरादून, 15 जनवरी। गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि मुख्य समारोह परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित होगा, जहां माननीय राज्यपाल द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

तैयारियों की समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण, बैरिकेडिंग व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल विभाग को समुचित पेयजल व्यवस्था करने को कहा गया। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। वहीं एमडीडीए को शहर के प्रमुख स्थलों व शासकीय भवनों पर सौंदर्यीकरण एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

संस्कृति विभाग को शहीद स्थल पर विशेष सफाई व प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ 25 जनवरी को नगर निगम टाउनहॉल में कवि सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सूचना, वन, ग्राम्य विकास, पर्यटन, शिक्षा, ऊर्जा, उरेडा, बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य व संस्कृति विभागों को समय से झांकी संबंधी सूचना प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने को कहा गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर प्रोटोकॉल के अनुरूप अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों का सम्मान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 25 एवं 26 जनवरी को सभी प्रमुख चौक-चौराहों व शासकीय भवनों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। 25 जनवरी को सायं 6 बजे से 9 बजे तक तथा 26 जनवरी को प्रातः 6 बजे से 11 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरी, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!