थत्यूड़ में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, इंद्र सूर्य ट्रस्ट करेगा सहयोग
इंद्र सूर्य ट्रस्ट ने दिया सहयोग का भरोसा, सिलाई-बुनाई, मशरूम व अचार उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी): जौनपुर ब्लॉक के ढाणा बाजार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर इंद्र सूर्य ट्रस्ट के संस्थापक रिटायर्ड कर्नल अनिल थापा का जिला पंचायत सदस्य सविता देवी के आवास पर भव्य स्वागत किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में सिलाई-बुनाई, मशरूम उत्पादन और अचार निर्माण जैसे लघु एवं घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिलाओं को इन कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। यदि उन्हें सही दिशा और संसाधन मिलें, तो वे न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकती हैं, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
इस मौके पर रिटायर्ड कर्नल अनिल थापा ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं की प्रतिभा और आवश्यकताओं का आंकलन कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी एक से दो माह के भीतर महिलाओं को जरूरी मशीनें और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे समूह बनाकर कार्य शुरू कर सकें और रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकें।
उन्होंने बताया कि इंद्र सूर्य ट्रस्ट जौनपुर ब्लॉक के साथ-साथ देहरादून और हरिद्वार जिलों में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और महिला सशक्तिकरण व शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत है।
कर्नल थापा ने महिलाओं को परिश्रम का महत्व बताते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने पुरुषों से भी अपील की कि वे महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की मार्केटिंग में सहयोग करें, ताकि उन्हें बेहतर आय मिल सके और वे समाज में अपनी सशक्त पहचान बना सकें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, डॉ0 भीमराव जन जागृति मंच के अध्यक्ष शिवदास, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरतमा देवी, पूर्व प्रधान सिरकम दास, सुशील थपलियाल, नरेश रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।



