थत्यूड

थत्यूड़ में कांग्रेस की अहम बैठक, पर्यवेक्षक विजय सिंह गुसाईं का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थत्यूड़ (टिहरी)। आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति तय करने के उद्देश्य से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक थत्यूड़ में आयोजित की गई। इस अवसर पर धनोल्टी विधानसभा के पर्यवेक्षक विजय सिंह गुसाईं का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर गुसाईं का अभिनंदन किया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए की गई नई नियुक्तियां पार्टी के हित में अहम साबित होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे विधानसभा स्तर पर कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

बैठक में पंचायत चुनावों की रणनीति पर गहन मंथन हुआ। इस दौरान तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रियता दिखाते हुए अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाएं।

इस मौके पर पर्यवेक्षक विजय सिंह गुसाईं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। आए दिन हत्या जैसे गंभीर अपराध हो रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।”

ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत ने सरकार पर पंचायत चुनाव न कराने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, “प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव टालकर लोकतांत्रिक पंचायतीराज व्यवस्था की हत्या कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम और समझदारी के साथ पंचायत चुनाव की रणनीति तय करने का आह्वान किया। पीसीसी सदस्य जोत सिंह रावत ने जोर देकर कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को जिताने के लिए अभी से ज़मीनी स्तर पर मेहनत शुरू कर दी जाए।

बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष दीपचंद सजवान, श्रीपाल पंवार, बिजेंद्र बिष्ट, अधिवक्ता आनंद सिंह बेलवाल, सुमन रौंछेल्ला, महिपाल सिंह रावत, राजेंद्र सिंह गुसाईं, गुरुदयाल सिंह रांगड़, भरत सिंह चौहान, पूर्व प्रमुख मीरा देवी, बसंती भारती, राजबाला असवाल, रेशमा देवी, सुनीता, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीता बिष्ट, महिपाल पंवार, सज्जन पंवार, दिनेश रावत, सज्जन चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक का संचालन बच्चन भारती ने किया। इस अवसर पर महिला ब्लॉक अध्यक्ष रेशमा देवी और विधानसभा सोशल मीडिया अध्यक्ष चैन सिंह बिष्ट को भी सम्मानित भी किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!