नंदगांव सीएचसी में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई सख्ती
मरीजों से सीधा संवाद कर लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए निर्देश—लापरवाही बिल्कुल नहीं होगी बर्दाश्त

घनसाली: प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने घनसाली प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नंदगांव का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की स्थिति, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की।
मंत्री उनियाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था को लेकर उनका फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मरीज को समयबद्ध व बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और व्यवस्थाओं में सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है।



