उत्तराखंड ताज़ा

सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्रांति की तैयारी, 880 स्मार्ट टीवी से सजेगी कक्षाएं

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन की पहल — गुणवत्ता सुनिश्चित करने पांडिचेरी फैक्टरी में होगा प्री-डिस्पैच निरीक्षण

देहरादून, 21 फरवरी। जिले के सरकारी विद्यालयों को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। स्मार्ट क्लास परियोजना के तहत 880 स्मार्ट टीवी खरीदे गए हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल, इंटरएक्टिव और दृश्य-आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से सरकारी स्कूल भी निजी विद्यालयों की तर्ज पर आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से लैस होंगे।

 

जिला प्रशासन पिछले डेढ़ वर्ष से ‘उत्कर्ष’ परियोजना के अंतर्गत विद्यालयों के समग्र विकास पर कार्य कर रहा है। अधिकांश स्कूलों में फर्नीचर, खेल सुविधाएं, शौचालय, बिजली, पेयजल, मंकी नेट और पुस्तकालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा चुकी हैं।

 

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार खरीदे गए उपकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन कराया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी स्वयं कंपनी की विनिर्माण इकाई का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रावधानों और निर्धारित विनिर्देशों के अनुरूपता की गहन जांच की जाएगी। संतोषजनक पाए जाने पर ही सामग्री जिले में भेजी जाएगी।

 

प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यालयों को उच्च गुणवत्ता के उपकरण मिलें और सार्वजनिक धन का उपयोग पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ हो। इस परियोजना से शिक्षण प्रक्रिया अधिक रोचक, प्रभावी और सहभागितापूर्ण बनेगी, वहीं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालय भी तकनीकी रूप से सशक्त होंगे। हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा और जिले में डिजिटल शिक्षा की मजबूत नींव तैयार होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!