युवाओं के लिए सरकारी तोहफा, टिहरी में फ्री स्किल ट्रेनिंग
एससी-एसटी व ओबीसी अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सहित मिलेगा एक वर्ष तक का निःशुल्क प्रशिक्षण

टिहरी। जिला सेवायोजन कार्यालय टिहरी गढ़वाल के अधीन संचालित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र, नई टिहरी में युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जनवरी 2026 से दिसंबर 2026 तक एक वर्ष की अवधि के लिए हिन्दी आशुलिपि व्यवसाय तथा जनवरी 2026 से जून 2026 तक छह माह की अवधि के लिए टंकण व्यवसाय में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को हिन्दी आशुलिपि के साथ-साथ सामान्य हिन्दी, सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर ज्ञान तथा ग्रुप ‘सी’ की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हिन्दी आशुलिपि व्यवसाय में अधिकतम 20 तथा टंकण व्यवसाय में अधिकतम 33 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 फरवरी 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में जिला सेवायोजन कार्यालय से निःशुल्क प्रवेश फार्म प्राप्त कर सकते हैं।
पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन जमा करते समय अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्रों, जाति प्रमाण-पत्र की छायाप्रति एवं दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो के साथ कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।



